Dark spots on face : मेरी उम्र 32 साल है. प्रैगनैंसी के बाद मेरे पेट के निचले हिस्से में सफेद निशान (स्ट्रैच मार्क्स) पड़ गए हैं. उन्हें दूर करने का उपाय बताएं?

स्ट्रैच मार्क्स पड़ने का मुख्य कारण स्किन टिशूज का अपनी सीमा से अधिक खिंचाव होना है. अगर एक बार स्टैच मार्क्स पड़ जाते हैं तो स्किन पूरी तरह से सामान्य नहीं हो सकती. लेकिन रोजाना मौइस्चराइजर का प्रयोग करने से काफी हद तक निशान हलके हो जाते हैं. मौइस्चराइज करने के लिए बटर, नारियल तेल, और्गन तेल इत्यादि का इस्तेमाल कर सकती हैं ताकि आप की स्किन सही ढंग से मौइस्चराइज रहे. इस के अलावा डाक्टर की सलाह के अनुसार दवा ले सकती हैं और कुछ उपचार जैसे लेजर तकनीक, कैमिकल पील्स इत्यादि का भी प्रयोग कर सकती हैं.

मेरी उम्र 18 वर्ष है और मेरे चेहरे व नाक पर काले रंग की झांइयां सी पड़ गई हैं. इन का कोई इलाज बताएं?

अगर आप के चेहरे या नाक पर काली झांइयां हैं तो इस का इलाज तुरंत करना चाहिए नहीं तो ये उम्र के साथसाथ बढ़ती चली जाती हैं. इस के लिए सनस्क्रीन या स्किन लाइटनिंग क्रीम का नियमित रूप से प्रयोग कीजिए जैसे कोजिक ऐसिड, ऐब्यूटिनिल और हाइड्रोक्यूनोन क्रीम का इस्तेमाल कर सकती हैं. कुछ इलाज जैसे कैमिकल पील्स, लेजर थेरैपी आदि कुछ हद तक कम करने में काफी कारगर हैं.

इलाज के साथसाथ खानेपीने का भी खासतौर से ध्यान रखना चाहिए जैसे विटामिन ए, विटामिन सी से युक्त फल व सब्जियों का सेवन भरपूर मात्रा में करना चाहिए. इस के साथसाथ पानी भी अधिक मात्रा में पीना जरूरी है ताकि धूप से होने वाले नुकसान से बचा जा सके.

इस तरह की और वीडियो देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

मेरी उम्र 20 वर्ष है. मेरे गालों पर दोनों तरफ काफी ज्यादा रोएं हैं. उन से छुटकारा पाने का कोई उपाय बताएं?

अगर आप को गालों के दोनों तरफ व निचले हिस्से पर पास से देखने पर ही रोएं नजर आते हैं तो मैं उन्हें हटाने के लिए किसी इलाज की सलाह नहीं दूंगी. लेकिन अगर दूर से देखने पर भी बाल दिखते हैं तो सब से पहले आप को अपना हारमोनल इवैल्यूएशन करवाना चाहिए, जिस से पता चल सके कि इस का मुख्य कारण क्या है. कभीकभी पीसीओडी, थायराइड भी इस के कारण हो सकते हैं. आप लेजर थेरैपी का इस्तेमाल कर सकती हैं.

मैं लंबे समय से अंडरआर्म्स के हेयर साफ करने के लिए वैक्स का प्रयोग करती आई हूं, जिस की वजह से वहां से मेरी त्वचा काली और धब्बे युक्त हो गई है. इस के प्रभाव को कम करने का कोई समाधान बताएं?

वैक्स करने से कभी भी अंडरआर्म्स काले नहीं होते. आप की त्वचा का काले पड़ने का कारण हेयर रिमूवल के लिए क्रीम्स या रेजर का प्रयोग करना हो सकता है अथवा हारमोनल परिवर्तन, पीसीओडी, थायराइड या कोई ऐलर्जिक रिएक्शन भी हो सकता है. अंडरआर्म्स के कालेपन को कम करने के लिए आप डाक्टर के परामर्श से कम कंटैंट की हाइड्रोक्यूनोन क्रीम का उपयोग कर सकती हैं. इस के अलावा डाक्टर आप को लेजर हेयर रिडक्शन और कैमिकल पील्स की सलाह भी देते हैं. अंडरआर्म्स में परफ्यूम, फ्रैगरैंस, रेजर या ऐसे कपड़े जो रगड़ उत्पन्न करते हों उन का इस्तेमाल न करें. अपनी त्वचा को और साफ करने के लिए नियमित रूप से वैक्स करें. अगर ये सब तरीके आप की परेशानी बढ़ाते हैं तो आप आईपीएल (इंटेंस पल्स्ड लाइट) समाधान अपना सकती हैं. इस थेरैपी के जरीए आप अनचाहे बालों से हमेशा के लिए मुक्ति पा सकती हैं. यह इटैलियन टैक्नोलौजी हेयर रिमूवल के लिए एक सुरक्षित एवं कारगर समाधान है, जिस का कोई साइड इफैक्ट नहीं है.

मेरी त्वचा शुष्क और औयली दोनों का संयोजन है. गरमी के इस मौसम में मैं इस की क्या देखभाल कर सकती हूं, जिस से यह न शुष्क रहे और न ही अत्यधिक औयली?

गरमी के मौसम में शुष्क त्वचा सामान्य और तैलीय त्वचा और अधिक तैलीय हो जाती हैं. आप की त्वचा शुष्क और तैलीय का संयोजन हैं. इस प्रकार की त्वचा अमूमन टी जोन से और अधिक तैलीय होती है, जबकि चेहरे का अन्य भाग सामान्य रहता है. इसलिए आप को अपनी त्वचा के अलगअलग हिस्सों की विशेष प्रोडक्ट्स के द्वारा देखभाल करनी चाहिए. अपना चेहरा धोते समय टी जोन के लिए डीप पोर क्लींजर का प्रयोग करें, टी जोन को साफ करने के लिए सैलिसिलिक ऐसिड युक्त क्लींजर का इस्तेमाल कर सकती हैं, जो माथे और नाक पर असर करेगा और गाल व जौ लाइन के लिए किसी भी बिना झाग वाले क्लींजर से चेहरे को धोएं. आप की मिलीजुली त्वचा है इसलिए क्लींजर के बाद मौइस्चराइज करना जरूरी है. ध्यान रखिए कि दिन के समय किसी भी हलके मौइस्चराइजर का प्रयोग व रात में जैल युक्त मौइस्चराइजर का इस्तेमाल करें. खासतौर पर गरमियों के मौसम में विटामिन सी युक्त सिरम का प्रयोग दिन में 3-4 बार जरूर करें.

पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें :

गृहशोभा, ई-8, रानी झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055

कृपया अपना मोबाइल नंबर जरूर लिखें.

व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...