सवाल
मेरा बौयफ्रैंड मुझे बहुत प्यार करता था लेकिन परिवार के दबाव के कारण उसे दूसरी जगह शादी करनी पड़ी. मैं अभी तक उस का प्यार नहीं भुला पा रही हूं. अब शादी के बाद उस ने फिर से मुझे अप्रोच करना शुरू कर दिया है. कहता है, हम अच्छे दोस्त तो रह सकते हैं न. मुझ से अपनी मैरिड लाइफ की प्रौब्लम शेयर करने लगा है. एक दिन तो घर भी आ गया जब मैं अकेली थी. मुझ से फिजिकल होने की कोशिश करने लगा. मैं भी कमजोर पड़ने लगी थी लेकिन अचानक घर की घंटी बज गई और मैं संभल गई. ठीक है कि मैं अभी भी उसे भुला नहीं पाई हूं लेकिन अब उस के साथ रिलेशन रख कर मैं उस की बीवी के साथ धोखा नहीं कर सकती. बौयफ्रैंड कहता है कि उस से बहुत बड़ी गलती हो गई शादी कर के. मेरे सामने रोता है. पुरानी बातें याद दिलाता है. तलाक लेने की बातें कहता है. समझ नहीं आ रहा मुझे कि मुझे क्या निर्णय लेना चाहिए. लाइफ उलझ रही है. मैं किसी झंझाट में पड़ना नहीं चाहती. आप ही मुझे कोई रास्ता सुझाएं.
जवाब
आप के बौयफ्रैंड में हिम्मत होती तो वह पहले ही दूसरी जगह शादी न करता, अपनी बात पर डटा रहता और आप से शादी करता. घरवाले आप दोनों की शादी के खिलाफ थे तो शादी न करने का फैसला लेता, न कि दूसरी जगह शादी कर के आप के सामने अब घडि़याली आंसू बहाता. दरअसल वह अब आप को बहका रहा है. वह आप के शरीर से खेलना चाहता है.
आप अपनी लाइफ को क्यों उलझ रही हैं. बौयफ्रैंड से साफ कह दें कि अब आप से कोई रिश्ता रखना नहीं चाहती. वह अपनी गृहस्थी पर ध्यान दें. आप के सामने आ कर अपना दुखड़ा न रोए. शादी कर ली है तो उसे निभाए. आप का ध्यान अब छोड़ दे. आप को सख्त रुख अपनाना होगा. उस से बात करना बिलकुल बंद कर दें. मोबाइल नंबर ब्लौक कर दें. सख्त हिदायत दे दें कि आप के घर आने की अब हिम्मत न करे.
आप को हम यही राय देंगे कि अब अपनी लाइफ को नए सिरे से देखने की कोशिश करें. अपनी शादी के बारे में सोचिए. अच्छा लाइफपार्टनर मिल जाएगा तो लाइफ अपनेआप सुखमय रहेगी.
पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें : गृहशोभा, ई-8, रानी झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055.
स्रूस्, व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.
