Relationship Advice

मैं 3 महीने से रिलेशनशिप में हूं. पिछले दिनों मुझे पता चला कि मैं जिस लड़के से प्यार करती हूं वह पहले से ही शादीशुदा है और उस के 2 बच्चे भी हैं. यह सब मुझे उस के फोन के फोटोज के जरिए पता चला. उसे इस बारे में नहीं पता कि मैं सब जान गई हूं. ऐसी स्थिति में आप बताएं कि मुझे क्या करना चाहिए?

आप को यह बात फोटो के जरिए पता चली है, यह बहुत बड़ा संकेत है, लेकिन पूरी तसवीर जानना जरूरी है. क्या यह वही इंसान है? क्या उस की शादी अब भी कायम है या वह अलग हो चुका है? क्या वह आप से झूठ बोल कर रिलेशनशिप में आया है? इसलिए पहला कदम यह हो कि एक बार खुद से शांत दिमाग से सब जानने की कोशिश करें, बिना उसे बताए.

अब बात आती है भावनाओं की कि क्या आप ऐसा रिश्ता चाहती हैं? अगर वह आदमी शादीशुदा हैं और उस के बच्चे हैं, तो आप को खुद से यह सवाल करना होगा- क्या मैं ऐसे इंसान के साथ रिश्ता चाहती हूं जिस ने मुझे सच्चाई नहीं बताई? अगर वह अपने परिवार को धोखा दे सकता है, तो क्या मुझे नहीं देगा? क्या मैं किसी के घरपरिवार के बीच दरार बनने का हिस्सा बनना चाहती हूं?

अगर इन सब का जवाब आप के पक्ष में न हो तो इस रिश्ते को तोड़ लेना ही बेहतर उपाय है. अपने मन को यह समझाइए कि आप जिस इंसान से जुड़ी थीं वह ईमानदार नहीं था. दर्द होगा, लेकिन सच्चाई जानना अपनेआप में ताकत है. यह आप की गलती नहीं है. प्यार करने में कोई गलती नहीं. किसी के झूठ पर यकीन कर लेना आप की मासूमियत दिखाता है, बेवकूफी नहीं.

और भी पढ़ें…

मेरी भाई का फ्रैंड, जिस का हमारे घर खूब आनाजाना था, मुझे पसंद करने लगा है और मैं भी उसे चाहती हूं. अभी हम दोनों पढ़ाई कर रहे हैं. इस बात की खबर भाई को नहीं है जबकि मां को शक है. मां भाई के फ्रैंड को घर नहीं आने देतीं. मैं उसे भूल नहीं सकती. क्या मैं उस के साथ भाग जाऊं?

आप की भावनाएं बिलकुल सच्ची हैं और यह बहुत सामान्य है कि उम्र के इस पड़ाव पर जब कोई आप की परवा करता है, समझता है और करीब होता है, तो दिल जुड़ ही जाता है. आप की बातों से साफ है कि आप दोनों एकदूसरे को चाहते हैं लेकिन अभी आप दोनों पढ़ाई कर रहे हैं और अपने भविष्य की नींव बना रहे हैं, ऐसे में किसी भी बड़े कदम, जैसे कि घर से भाग जाना, का फैसला बेहद जोखिमभरा हो सकता है. यह न सिर्फ आप के परिवार को तोड़ेगा बल्कि आप के खुद के सपनों और कैरियर पर असर भी डाल सकता है.

आप का रिश्ता अभी छिपा हुआ है. मां को शक है और भाई को पता तक नहीं. ऐसे में यह रिश्ता भरोसे और पारदर्शिता के बिना आगे नहीं बढ़ सकता. रिश्तों को मजबूत करने के लिए जरूरी होता है कि वे समाज और परिवार की नजरों में भी ईमानदार हों.

भाग जाना एक पल की राहत जरूर देगा लेकिन उस से आप के और उस के जीवन में लंबे समय तक तनाव, आर्थिक परेशानियां और भावनात्मक टूटन आ सकती है.

अगर आप उसे सच में चाहती हैं तो उसे खोने का डर नहीं बल्कि उस के साथ ठीक तरीके से जिंदगी बिताने की कोशिश करनी चाहिए. अभी पढ़ाई पूरी करें, खुद को आत्मनिर्भर बनाएं, फिर अपने रिश्ते को परिवार के सामने इज्ज़त से रखें. यकीन मानिए, वक्त और समझदारी से लिया गया फैसला ही सच्चे प्यार को टिकाऊ बनाता है. प्यार में भाग जाना नहीं, साथ मिल कर आगे बढ़ना जरूरी होता है.

Relationship Advice

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...