Advantages of positive thinking : यह अच्छी बात है कि सपने देखेंगे तभी तो उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करेंगे. लेकिन कई बार देखने में आता है कि लड़कालड़की दोनों शादी से पहले बड़ा घर, बड़ी गाड़ी और न जाने कितने सपने बुनते हुए अपनी शादीशुदा जिंदगी में कदम रखते हैं. कुछ सालों तक तो वे उन सपनों की खुमारी में जी रहे होते हैं. कुछ सपने पूरे होते हैं और कुछ नहीं. लेकिन अगर सपने पूरे न हों तो एक साथी स्पैशली लड़की लड़के को ताने देने लगती है,”तुम ने तो कहा था हम यह कर लेंगे, वह कर लेंगे लेकिन अब तो ऐसा कुछ नहीं हो रहा, तुम ने तो मेरी जिंदगी बरबाद कर दी.”
“मैं कहां फंस गई…”
“मेरे लिए तो लड़कों की लाइन लगी थी पर मैं तो मुंगेरीलाल के हसीन सपनों में बह गई…” ऐसी न जाने कितनी बातें वह लड़के को सुनाती है या एकदूसरे को वे सुनाते हैं.
ऐसा करना कहां तक उचित है
लड़कालड़की भविष्य के सपने साथ देखें लेकिन सपने पूरा न होने पर एकदूसरे पर दोषारोपण न करें.
आप एकदूसरे पर तोहमत मत लगाएं कि तुम ने यह कहा था और ऐसा नहीं हुआ. अगर लड़की ने भविष्य के सपने देखते हुए शादी कर ली है, तो जिम्मेदारी लड़की की भी उतनी ही है. बाद में एकदूसरे को टौर्चर करना सही नहीं है कि तुम ने कहा था कि गाड़ी खरीद लेंगे हम लेकिन अब तुम मुझे बाइक पर घुमा रहे हो. इस किराए घर में ही लगता है पूरी जिंदगी बरबाद होगी मेरी.
इस तरह का दोषारोपण अलाउड नहीं है
लड़कालड़की ने जो फैसले किए अपनेआप ही सोचसमझ कर किए. किसी के कहने पर नहीं किए. और अगर कहने पर किए भी हों तो भी गारंटी से नहीं कह सकते कि कल क्या होगा. हो सकता है कि आप के सारे सपने पूरे हो जाएं लेकिन अगले ही साल बिजनैस में भारी नुकसान हो जाए और आप सड़क पर आ जाएं. किसी गंभीर बीमारी का शिकार हो जाएं और काम करने लायक ही न रहें. इसलिए गारंटी सपने देखने की थी उन्हें पूरा करने की कोशिश की जा सकती है, लेकिन कोई गारंटी नहीं ली जा सकती.
जीवन जैसा है वैसे ही जीने की तमन्ना करें और भविष्य के सपने बुनने में कोई बुराई नहीं है. हां, सपने झूठ पर आधारित न हों.
मेरे पास इतनी प्रौपर्टी है यह न बोलें मिल कर सपने देख सकते हैं उन्हें पूरा करने की कोशिश भी कर सकते हैं. लेकिन वे पूरे हो ही जाएंगे इस की गारंटी कोई नहीं ले सकता इसलिए गारंटी ले कर न चलें.
सपने टूटे तो ब्लेम गेम के बजाए रिश्ते को मजबूत कैसे करें
किसी चीज में असफल होने पर या सपना पूरा न होने पर अकसर जोड़े एकदूसरे को कोसने में अपनी सारी ऐनर्जी लगा देते हैं जबकि ऐसे में एकदूसरे की कमियां निकालने के सुधारने पर फोकस होना चाहिए. इस के आलावा अगर दोष किसी का है इस सब में तो आप दोनों का नहीं बल्कि उस परिस्थिति का है जिस में वह काम नहीं बन पाया. इसलिए एकदूसरे से कोसना बंद करें.
असफलता की बराबर की जिम्मेदारी लें. अगर सपना साथ देखा था, तो उस की विफलता की जिम्मेदारी भी साझा होनी चाहिए.
“तुम्हारी वजह से ऐसा हुआ,” कहने के बजाय, “शायद हमारी योजना में कमी रह गई,” कहना रिश्ते में कड़वाहट नहीं आने देता.
प्लान बी भी हमेशा तैयार रखें
जरूरी नहीं कि हर बार जैसा सोचा था वैसा हो ही जाएगा. अगर एक योजना फेल हो गई, तो क्या हुआ प्लान बी पर काम करें. प्लान बी हमेशा तैयार रखें और फिर लड़ने के बजाए उसे पूरा करने में जुट जाएं.
भविष्य के सपने बुनने के फायदे
जब आप दोनों साथ में मिल कर सपने देखते हैं, तो इस का मतलब होता है कि दोनों को पता है कि लाइफ में क्या करना है. उन के पास कुछ योजना है जिस के तहत उन्हें आगे बढ़ना है. उन की जिंदगी और रिश्ते का कुछ परपज है. यह जीवन को गति देता है.
एकदूसरे के साथ बौंडिंग
जब आप दोनों एकदूसरे के साथ अपनी इच्छाओं और सपनों के बारे में खुल कर बातचीत करते हैं, तो करीब से एकदूसरे को जान पाते हैं. एकदूसरे की सोच की उड़ान को समझ पाते हैं. सपनों के बहाने ही सही अपने मन की हर बात शेयर करते हैं तो एकदूसरे को और भी जयादा जानते हैं और बौंडिंग बनती है.
मेरा सपना हमारा सपना बन जाता है
जब आप साथ में सपने देखते हैं, तो पता भी नहीं चलता कि कब मेरा सपना हमारा सपना बन जाता है. अब सपने एकदूसरे के अलगअलग नहीं लगते बल्कि एक हो जाते हैं. जिन्हें साथ में पूरा करने का हौसला आता है और जो जिंदगी में आगे बढ़ने की एक दिशा देता है.
मुश्किल समय में साथ खड़े होने का जज्बा
जब मुश्किलें आती हैं तो ये सपने याद दिलाते हैं कि हमें थकना और रुकना नहीं है बल्कि हर मुश्किल को पार कर आगे अपने सपने पूरा करने की दिशा में बढ़ना है. एकदूसरे की उम्मीद बने रहना कठिन समय को भी आसान बना देता है.
साथ मिल कर सपने बुनना किसी भी रिश्ते के लिए एक फ्यूल (ईंधन) की तरह काम करता है. यह केवल कल्पना मात्र नहीं है, बल्कि 2 लोगों के बीच एक मानसिक और भावनात्मक पुल बनाता है.
