Nefertiti Botox treatment : नेफर्टिटी बोटोक्स (Nefertiti Botox) एक तेजी से लोकप्रिय होता गैर सर्जिकल उपचार है, जो जबड़े की रेखा (Jawline) को परिभाषित करने और गरदन को सुडौल (Lift) बनाने के लिए बोटोक्स का उपयोग करता है.

यह प्रक्रिया प्लेटिस्मा मांसपेशियों को आराम देकर, ढीली त्वचा और झुर्रियों को कम करती है, जिस से 3 से 4 दिनों में चेहरा युवा और कसा हुआ दिखने लगता है. इसे अधिकतर आज की तारीख में मौडल्स, कारपोरेट जौब करने वाली और ऐक्ट्रैस आदि करवाती हैं क्योंकि इस में बिना सर्जरी के मनचाहा रिजल्ट मिलता है.

बौलीवुड में अपनी उम्र को थामने और त्वचा को जवां बनाए रखने के लिए कई कलाकार बोटोक्स का सहारा लेते हैं, जिसे अकसर नेफर्टिटी लिफ्ट (Nefertiti lift) तकनीक के माध्यम से किया जाता है. इन प्रक्रियाओं का उपयोग करने वाली प्रमुख हस्तियों में शिल्पा शेट्टी, ऐश्वर्या राय बच्चन, माधुरी दीक्षित, रानी मुखर्जी, प्रीति जिंटा, आदिति राव हैदरी, हर्ष चाय, अनिल कपूर, शाहरुख खान आदि के नाम प्रमुख रूप से सामने आते हैं, जो अपनी झुर्रियां कम करने के लिए यह ट्रीटमैंट करवाते रहते हैं.

beauty

मिस्र की रानी पर आधारित नाम नेफर्टिटी बोटोक्स

इस बारे में मुंबई की कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हौस्पिटल की डर्मेटोलौजिस्ट, ट्राइकोलौजिस्ट और एस्थेटिक डर्मेटोलौजिस्ट, डा. रेश्मा टी. विश्नानी कहती हैं कि नेफर्टिटी बोटोक्स एक खास कौस्मेटिक ट्रीटमैंट है, जो गरदन और जबड़े को सुंदर बनाने के लिए किया जाता है. इस ट्रीटमैंट का नाम मिस्र की रानी नेफर्टिटी के नाम पर रखा गया है, जो अपनी लंबी, सुंदर गरदन और शार्प जोलाइन के लिए मशहूर थीं.

इस प्रक्रिया में गरदन की मांसपेशियों और जबड़े के निचले हिस्से में बोटुलिनम टौक्सिन (botulinum toxin) के इंजेक्शन लगाए जाते हैं. इन मांसपेशियों को रिलैक्स कर के यह ट्रीटमैंट गरदन की उभरी हुई नसों (neck bands) को कम करता है और जबड़े को बेहतर शेप देता है. इस से चेहरे का निचला हिस्सा और गरदन अधिक युवा और निखरे हुए नजर आते हैं.

असल में उम्र के साथ या फिर ओवरवेट की वजह से गरदन की कुछ मांसपेशियां त्वचा और जबड़े को नीचे की ओर खींचने लगती हैं, जिस से त्वचा लटकने लगती है. बोटोक्स के ये इंजेक्शन इस खिंचाव को रोकते हैं, जिस से चेहरे पर एक हलका लिफ्टिंग इफैक्ट मिलता है. इस से चेहरे का निचला हिस्सा और गरदन अधिक युवा और निखरी हुई नजर आती है.

नया ट्रीटमैंट नहीं

नेफर्टिटी बोटोक्स कोई नया ट्रीटमैंट नहीं है. इस में उसी बोटुलिनम टौक्सिन इंजेक्शन का इस्तेमाल होता है, जिस का उपयोग माथे की झुर्रियों और आंखों के पास की रेखाओं (crow’s feet) को ठीक करने के लिए लंबे समय से किया जा रहा है.

डर्मेटोलौजिस्ट गरदन के आकार को सुधारने और जबड़े को शार्प बनाने के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल कई सालों से सुरक्षित और प्रभावी ढंग से कर रहे हैं. आजकल इस का प्रयोग करने की वजह लोगों में लुक्स को ले कर बढ़ती जागरूकता और सोशल मीडिया के प्रभाव के कारण है.
यह कोई नई या हाल ही में विदेश से आई तकनीक नहीं है. नेफर्टिटी बोटोक्स में उन्हीं तरीकों का इस्तेमाल होता है, जो दुनियाभर में सालों से अपनाए जा रहे हैं. यह इलाज शरीर की बनावट और मांसपेशियों के विज्ञान पर आधारित है, जो पूरी तरह परखा हुआ है.

इस ट्रीटमैंट में केवल उन्हीं दवाओं (Botulinum toxin) का उपयोग किया जाता है, जिन्हें स्वास्थ्य संस्थाओं से मंजूरी मिली हुई है.

ageing

नेफर्टिटी बोटोक्स करवाने की उम्र

डाक्टर आगे कहती हैं कि नेफर्टिटी बोटोक्स शुरू करने की कोई निश्चित उम्र नहीं है. यह फैसला हर व्यक्ति के शरीर की बनावट और उस की गरदन या जबड़े में आने वाले बदलावों पर निर्भर करता है. कुछ लोगों को 20 साल के अंत तक या 30 की उम्र की शुरुआत में ही इस के लक्षण दिखने लगते हैं. आमतौर पर लोग इसे 35 साल की उम्र के बाद अधिक करवाते हैं क्योंकि इस उम्र में मांसपेशियों के ढीलेपन के कारण त्वचा का लटकना अधिक साफ नजर आने लगता है. इसलिए ग्लैमर इंडस्ट्री में इस प्रक्रिया को अधिक अपनाया जाता है.

सभी के लिए उपयुक्त

नेफर्टिटी बोटोक्स पुरुषों और स्त्रियों दोनों के लिए पूरी तरह उपयुक्त होता है. हालांकि हर व्यक्ति के लिए इस की तकनीक और दवा की मात्रा अलगअलग हो सकती है. डाक्टर इसे तय करते समय कुछ मुख्य बातों का ध्यान रखते हैं, जो निम्न हैं :

-मांसपेशियों की मजबूती, गरदन की बनावट और आप इस ट्रीटमैंट से कैसा लुक चाहते हैं, उसी के आधार पर इसे तैयार किया जाता है.

-यह उपचार करवाना सही है या नहीं, यह डाक्टर तय करते हैं। इसलिए एक योग्य डर्मेटोलौजिस्ट से गहन परामर्श करना अनिवार्य होता है. डाक्टर आप की शारीरिक और गरदन की बनावट को देख कर ही इस के प्रभावशाली होने के बारे में पता करते हैं.

इलाज की प्रक्रिया

यह बहुत ही जल्दी होने वाली और आसान प्रक्रिया है. इस पूरे ट्रीटमैंट में आमतौर पर केवल 10 से 15 मिनट का समय लगता है. किसी भी तरह की असुविधा को कम करने के लिए ट्रीटमैंट से पहले एक नंबिंग क्रीम (सुन्न करने वाली क्रीम) लगाई जा सकती है. अधिकांश लोगों को इंजेक्शन के दौरान बस सुई की हलकी सी चुभन महसूस होती है. इस में रिकवरी के लिए अलग से समय निकालने की जरूरत नहीं होती. ट्रीटमैंट के तुरंत बाद अपने रोजाना के काम शुरू कर सकते हैं.

नेफर्टिटी बोटोक्स का असर

आमतौर पर 3 से 5 महीने तक रहता है, लेकिन यह हर व्यक्ति में अलगअलग होने की संभावना होती है क्योंकि इस में जिम्मेदार मांसपेशियों की सक्रियता और मेटाबौलिज्म अधिक निर्भर करता है.

प्रोसेस दोहराने की जरूरत

परिणामों को बरकरार रखने के लिए आमतौर पर हर 5 से 6 महीने में यह ट्रीटमैंट दोहराया जाता है. यह अंतराल इस बात पर निर्भर करता है कि आप की गरदन और जबड़े की मांसपेशियां ऐक्टिव हैं या नहीं, जो आप के शरीर की बनावट पर निर्भर करता है.

साइड इफैक्ट्स

जब यह प्रक्रिया किसी अनुभवी डर्मेटोलौजिस्ट द्वारा की जाती है, तो इस के दुष्प्रभाव आमतौर पर बहुत कम और अस्थायी होते हैं.

इंजेक्शन वाली जगह पर हलकी लालिमा (redness) या नीला निशान (bruising) पड़ सकता है. यदि प्रक्रिया सही तरीके से की जाए, तो गंभीर समस्या होने की संभावना बहुत कम होती है.

प्रोसेस के बाद रखें ध्यान

-इस में मरीजों को सलाह दी जाती है कि वे प्रक्रिया के बाद 4 से 5 घंटे तक सीधे न लेटें.

-कुछ दिनों तक चेहरे की जोर से मालिश, फेशियल स्टीम लेने से बचें.

-अगर इंजेक्शन की जगह पर हलका नीला निशान पड़ता है, तो वह अपनेआप ठीक हो जाता है.

-यदि किसी खास सामाजिक कार्यक्रम या शादी में जाना है, तो यह ट्रीटमैंट उस तारीख से कम से कम 1 हफ्ता या 10 दिन पहले करवाना बेहतर रहता है.

नेफर्टिटी बोटोक्स और सामान्य फेशियल बोटोक्स में अंतर

नेफर्टिटी बोटोक्स में उसी बोटुलिनम टौक्सिन का इस्तेमाल किया जाता है, जो चेहरे के अन्य उपचारों में उपयोग होता है. इन दोनों में मुख्य अंतर उन मांसपेशियों का होता है, जिन पर उपचार किया जाता है।

फेशियल बोटोक्स का मुख्य उद्देश्य चेहरे की झुर्रियों और बारीक रेखाओं (जैसे माथे या आंखों के पास) को हटाना और त्वचा को युवा बनाना होता है. नेफर्टिटी बोटोक्स गरदन की उन विशिष्ट मांसपेशियों को आराम पहुंचाता है, जो त्वचा को नीचे की ओर खींचती है. इस से गरदन का आकार सुधरता है और जबड़े को बेहतर आकार मिलता है.

इस प्रकार नेफर्टिटी बोटोक्स सर्जरी की जगह नहीं ले सकता. यह उन लोगों के लिए सब से अच्छा माना जाता है, जिन में बढ़ती उम्र के शुरुआती लक्षण दिख रहे हों और जिन की त्वचा में मांसपेशियों की वजह से हलका या मध्यम ढीलापन हो. इसे हमेशा अच्छी हाइजीन वाली जगह के साथसाथ स्पैशलिस्ट से करवाना आवश्यक होता है, ताकि किसी प्रकार की समस्या न हो. अगर त्वचा बहुत अधिक लटक गई है या ढीली हो चुकी है, तो सर्जिकल विकल्प ही अधिक प्रभावी और सही रहता है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...