Mother’s Day 2026 : सारे रिश्तों में एक रिश्ता सब से ज्यादा पावरफुल होता है और वह होता है मां से बेटा या बेटी का रिश्ता. काफी सालों पहले एक गाना आया था, ‘आज उंगली थाम के तेरी मैं तुझे चलना सिखाऊं, कल हाथ पकड़ना मेरा जब मैं बूढ़ा हो जाऊं…’ इस गाने का मतलब ही यह है कि जब बच्चा छोटा होता है तो मां उस का सहारा बनती है, लेकिन जब बच्चा बड़ा होता है और कामयाब होता है तो वह अपनी मां को हर वह खुशी और सुख देना चाहता है जो उस की मां को अपने पूरे जीवन में नहीं मिला। लिहाजा, तमाम शोहरत के बाद भी ग्लैमरस हीरोइनें अपनी मां का पल्लू नहीं छोड़तीं, जिसे पकड़ कर बचपन से ले कर जवानी तक का सफर इन ग्लैमरस हीरोइनों ने तय किया है.
अपनी मां में इन हीरोइनों की जान बसती है। इसलिए इन हीरोइनों को जब भी मौका मिलता है वे अपनी मां के साथ वक्त बिताती हैं, शौपिंग करती हैं, डिनर पर ले जाती हैं और वह सबकुछ करने की कोशिश करती हैं जिस से उन की मां को खुशियां मिलें.
हाल ही में मदर्स डे के मौके पर ग्लैमर वर्ल्ड की कुछ हीरोइन ने मदर्स डे के गिफ्ट के तौर पर अपनी मां का न सिर्फ मेकओवर किया, बल्कि मदर्स डे का दिन अपनी मां के लिए खास भी बनाया। पेश हैं, इसी सिलसिले पर एक नजर :
इस तरह की और वीडियो देखने के लिए गृहशोभा के चैनल को फौलो करें
निया शर्मा (मौडल व टीवी ऐक्ट्रैस) : मदर्स डे मेरे लिए बहुत खास है क्योंकि मेरी मां में मेरी जान बसती है और मैं ऐसा एक भी मौका नहीं छोड़ना चाहती जिस में मैं अपनी मां को खुशी दे सकूं. वैसे मेरी मां बहुत सिंपल हैं और ज्यादा ड्रैसिंग उन्हें पसंद नहीं है. इसलिए हर साल मदर्स डे पर मैं उन के लिए कुछ न कुछ खास करती हूं। पिछली बार मैं ने मदर्स डे पर अपनी मां का पूरा मेकओवर किया था। वे इतनी सुंदर लग रही थीं कि मेरी नजर उन पर से नहीं हट रही थी क्योंकि मुझे मेकअप का सेंस अच्छा है, इसलिए जब मैं ने अपनी मां का मेकअप किया तो वे खुद आश्चर्यचकित हो गईं खुद को देख कर.
वे कहती हैं कि मेकअप के अलावा मैं ने उन के लिए स्टाइलिश ड्रैस और उससे मिलतीजुलती ज्वैलरी उन को खरीद के दी थी. इस बार भी मैं मदर्स डे पर अपनी मां को एक और नया लुक मेकओवर के जरीए देने वाली हूं जो उन को बहुत पसंद आएगा. मदर्स डे मेरे लिए बहुत खास है, इसलिए इस दिन मैं पूरा समय अपनी मां के साथ मजे कर के बिताऊंगी.
अनन्या पांडे : मुझे अपनी मां को स्टाइलिश देखना बहुत पसंद है। वैसे तो मेरी मां पहले से ही मौर्डन हैं और उन का ड्रैसिंग सेंस भी अच्छा है. लेकिन बावजूद इस के मेरी हमेशा यही कोशिश रहती है कि वे कुछ नया ब्रैंड और नया स्टाइल ट्राई करें और ज्यादा स्टाइलिश कपड़े पहनें। जहां एक ओर मुझे उन की ज्वैलरी पहनना पसंद है, वहीं दूसरी ओर मुझे यह भी शौक है कि मैं अपनी मां को अपनी पसंद की ज्वैलरी और आउटफिट ला कर दूं .
इस बार मदर्स डे पर मैं ने अपनी मौम के लिए एक खास प्रोग्राम प्लान किया है, जिस में पार्लर भेज कर उन के हेयरकट मेकअप और फेशियल से ले कर एक स्टाइलिश लुक करवाने का मैं ने पार्लर से अपौइंटमेंट लिया हुआ है. इस के अलावा मैं ने उन की पसंदीदा ब्रैंड की आउटफिट बुक की है, जो मैं मदर्स डे पर उन को गिफ्ट करने वाली हूं। इस साल मदर्स डे को ले कर मैं ने उन के लिए खास तैयारी की है.
तारा सुतारिया : अगर मैं अपनी मां की बात करूं, तो वे मेरी लाइफलाइन हैं और उन के बिना मेरा जीवन पूरी तरह अधूरा है। मैं अपनी खुशी सब से पहले किसी को बताती हूं, तो वह मेरी मां हैं और अगर मुझे कोई निर्णय लेना हो तो वह डिस्कशन भी मैं अपनी मां के साथ सब से पहले करती हूं क्योंकि वे मुझे हमेशा सही गाइड करती हैं. वे सिर्फ मेरी मां ही नहीं मेरी दोस्त, मेरी सलाहकार और मेरी ताकत भी हैं और जिन्होंने मुझे कभी हारना नहीं सिखाया। यही वजह है कि मदर्स डे ही मेरे लिए खास नहीं है, बल्कि अपनी मां के साथ बिताया हर पल मेरे लिए खास है. मेरी हर समय कोशिश रहती है कि मैं उन को ज्यादा से ज्यादा खुशी दे सकूं।
पिछले साल मदर्स डे पर मैं ने अपनी मां के लिए एक नया मेकओवर प्लान किया था, जिस में मैं ने अपनी मां का 1970 के दशक का शानदार मेकओवर किया था, जिस के लिए मैं ने उन की एक पुरानी तसवीर के आधार पर लाल कलर की ड्रैस और उस से मैचिंग करती हुई ज्वैलरी, उस दौरान का हेयरस्टाइल सबकुछ एकदम सुंदर तरीके से किया था। अपने इस 70 के दशक वाले गेटअप में अपनेआप को देख कर वे बहुत खुश हुई थीं।
इस बार भी मदर्स डे पर मेरा ऐसा ही कुछ प्लान है। इस बार मैं ने अपनी मां के लिए मेकओवर को ले कर और ज्यादा ऐडवांस मेकअप स्टाइल की प्लानिंग की है, जिस में न सिर्फ उन की स्किन ग्लो करेगी, बल्कि वे अपनी उम्र से 10 साल कम लगेंगी.
इस बार मदर्स डे पर मैं ने और भी बहुत सारी प्लानिंग की है अपनी मां को खुशी देने के लिए और इस मुबारक दिन को मजेदार बनाने के लिए.
जन्नत जुबेर (टीवी ऐक्ट्रैस व मौडल) : मेरी मां मेरी मां कम बड़ी बहन ज्यादा लगती हैं। जब वे मेरे लिए लाफ्टर शेफ शो में आई थीं तो सब ऐसा ही कह रहे थे। मैं, मेरा भाई और मेरी मां हमारी टीम है, जहां पर हम जो भी करते हैं साथ ही करते हैं. मेरी मां जितनी सिंपल और सीधी दिखती हैं उतनी ही मस्ती भी करती हैं। मैं जब भी उन के साथ बात करती हूं मेरा माइंड रिलैक्स हो जाता है. उन का व्यवहार बिलकुल भी मां वाला नहीं है, वे मेरी दोस्त ज्यादा हैं।
मैं और मेरा भाई मिल कर हर साल मदर्स डे पर उन के साथ डिनर पार्टी सैलिब्रेट करते हैं. मजे की बात तो यह है कि मेरा भाई मेरा मेकअप करता है और मैं अपनी मां का मेकअप करती हूं. वैसे तो मेरी मां को मेकअप करना ज्यादा पसंद नहीं है लेकिन अपनी बेटी से मेकअप करवाना उन को अच्छा लगता है।
इस साल मदर्स डे पर स्पैशली पार्लर में जा कर मैं अपनी मां का मेकओवर करने वाली हूं ताकि वे और सुंदर लगें. मैं ने और मेरे भाई ने इस साल भी अपनी मां के साथ स्पैशल मदर्स डे सैलिब्रेशन का प्रोग्राम बनाया है, जिस में हम वह सबकुछ करेंगे जो उन को पसंद है.
मैं हमेशा हर साल मदर्स डे पर अपनी मां का मेकओवर करती हूं, बालों की हाइलाइट से ले कर, डायमंड ज्वैलरी, डिजाइनर ड्रैस मनपसंद कलर वाला, स्पैशल फेशियल ब्लीच वाला फुल पैकेज करवाती हूं. मेरे लिए मेरी मां और मदर्स डे बहुत महत्त्वपूर्ण है इसलिए अपनी मां की खुशी के लिए और उन को खुश देखने के लिए हम वह सबकुछ करते हैं जो उन को पसंद है.
