Ayushmann Khurrana : स्पर्म डोनर जैसे गंभीर विषय पर आधारित फिल्म से अपने अभिनय कैरियर की शुरुआत करने वाले आयुष्मान खुराना ने कुछ ही सालों में फिल्मों में और दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बना ली है। ‘भूत पिशाच’, ‘लड़की और कड़क औफिसर’ से ले कर अंधे इंसान की भूमिका में वे नजर आए जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला.
अब आने वाले समय में उन की लव ट्राइऐंगल कौमेडी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ रिलीज हो रही है। इस फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि प्यार करना जितना आसान होता है निभाना उस से कहीं ज्यादा मुश्किल होता है। वह भी तब जब सीरियस सिचुएशन कौमेडी में तबदील हो जाएं। इस फिल्म में ऐसा ही कुछ आप को देखने को मिलेगा, जिस का नाम ‘पति पत्नी और वो दो’ है.
सब को फायदा हो
आयुष्मान कहते हैं कि मेरी हमेशा कोशिश रहती है कि मेरी फिल्मों से सिर्फ मुझे ही नहीं, बल्कि दर्शकों और मेकर्स को भी फायदा मिलें और इस का जीताजागता उदाहरण है फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ जिस में मैं ने लड़की की भूमिका निभाई। इन दोनों ही फिल्मों ने लगातार ₹100 करोड़ से ज्यादा का बिजनैस किया है। इसी सफलता की हिट फिल्मों की श्रेणी के बाद अब मैं ‘पति पत्नी और वो दो’ के साथ अपनी कौमेडी हिट रन को आगे बढ़ाने की तैयारी में हूं.
स्वस्थ मनोरंजन जरूरी
आयुष्मान कहते हैं कि यह एक जबरदस्त कौमेडी फिल्म है, जो दर्शकों को हंसी, अफरातफरी और भरपूर मनोरंजन का डोज देने का वादा करती है. इस फिल्म में मैं अपने खास अंदाज में एक फैमिली एंटरटेनर का हिस्सा बनते नजर आने वाला हूं।
वर्षों से मेरी यही कोशिश रही है कि मैं कमर्शियल सफलता और दर्शकों से जुड़ी कहानियों के बीच शानदार संतुलन बना कर इंडस्ट्री में अपनी एक अलग जगह बना कर रखूं। मिडिल क्लास हीरो को आइकोनिक बनाने से ले कर और अलग तरह से ऐंटरटेनर्स की अगुवाई करने तक मैं ने लगातार ऐसी फिल्में दी हैं जो मैट्रो शहरों, छोटे शहरों और पारिवारिक दर्शकों के साथ गहराई से जुड़ी रहें.
कंटेंट ही किंग
फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ अपने साल की सब से बड़ी थिएट्रिकल ऐंटरटेनर फिल्मों में से एक बन कर उभरी, वहीं ‘थामा’ ने बौक्स औफिस की मजबूत पकड़ को और मजबूत साबित किया. ऐसे में इंडस्ट्री को ‘पति पत्नी और वो दो’ से भी बहुत उम्मीदें हैं, जिस के लिए मैं ने बहुत मेहनत की है।
आयुष्मान खुराना के अनुसार, “मैं हमेशा से मानता हूं कि दर्शकों के लिए कंटेंट ही किंग होता है. मेरी हमेशा यही कोशिश रही है कि ऐसी कहानियां सुनाऊं जो लोगों का मनोरंजन करें, उन्हें खूब हंसाएं और थिएटर में उन्हें शानदार अनुभव दें. ‘पति पत्नी और वो दो’ के साथ हम पूरी तरह तैयार हैं। एक ऐसा बिग स्क्रीन ऐंटरटेनर देने के लिए जिसे पूरा परिवार साथ बैठ कर ऐंजौय कर सके. इस फिल्म की स्क्रिप्ट ने मुझे तुरंत बांध लिया क्योंकि यह उसी तरह की कौमेडी है जो मुझे दिल खोल कर हंसाती है और जिसे देखने पूरा परिवार थिएटर आ सकता है.
15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. ‘पति पत्नी और वो दो’ के साथ अब सभी की निगाहें आयुष्मान खुराना पर टिकी हैं, जो कौमेडी और फैमिली ऐंटरटेनर्स के जरीए बौक्स औफिस पर अपनी शानदार जीत का सिलसिला जारी रखने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं.
