Celebrity Late Success: अक्सर लोग सोचते हैं कि अगर एक तय उम्र तक सफलता नहीं मिली, तो अब कुछ नहीं हो सकता. लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. कामयाबी की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती. अगर आपके अंदर मेहनत करने का जज्बा, कुछ नया करने की सोच और हार न मानने का हौसला है, तो सफलता किसी भी उम्र में मिल सकती है.

40 साल की उम्र के बाद बनाई पहचान-

दुनिया में ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने 40 साल की उम्र के बाद अपनी जिंदगी बदली और ऐसी पहचान बनाई कि पूरी दुनिया उन्हें सलाम करती है. इनमें बॉलीवुड के कई ऐसे सितारे शामिल हैं, जिनकी सफलता साबित करती है कि सपनों को पूरा करने के लिए उम्र नहीं, बल्कि मेहनत और जुनून चाहिए.

इस तरह की और वीडियो देखने के लिए गृहशोभा के चैनल को सब्सक्राइब करें

बोमन ईरानी: 44 साल की उम्र में बने स्टार-

बॉलीवुड के शानदार अभिनेता बोमन ईरानी फिल्मों में आने से पहले होटल में वेटर, फोटोग्राफर और वॉइस आर्टिस्ट के तौर पर काम कर चुके थे. लंबे संघर्ष के बाद उन्हें 44 साल की उम्र में फिल्म ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ से बड़ी पहचान मिली. इसके बाद उन्होंने ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’, ‘डॉन’ और ‘मुन्नाभाई’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग से अलग पहचान बनाई.

नवाजुद्दीन सिद्दीकी: ‘ब्लैक फ्राइडे’ से पहचान मिली-

छोटे रोल से बने नेशनल अवॉर्ड विजेता उत्तर प्रदेश के एक छोटे से गांव से आने वाले नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने फिल्मों में आने से पहले वडोदरा में केमिस्ट की नौकरी की. मुंबई में कई साल तक छोटे-छोटे रोल करने के बाद उन्हें ‘ब्लैक फ्राइडे’ से पहचान मिली. बाद में ‘कहानी’, ‘पीपली लाइव’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेताओं में शामिल कर दिया. असली सफलता उन्हें 40 की उम्र के आसपास मिली.

किरण खेर: ‘देवदास’ से मिली नई पहचान-

किरण खेर लंबे समय से फिल्मों में काम कर रही थीं, लेकिन उन्हें असली पहचान ‘देवदास’ से मिली. इस फिल्म में उन्होंने ऐश्वर्या राय की मां का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. इस भूमिका ने उन्हें बॉलीवुड में एक अलग पहचान दिलाई और उनके करियर को नई ऊंचाई दी.

पंकज त्रिपाठी: संघर्ष से स्टारडम तक-

आज पंकज त्रिपाठी का नाम हर फिल्म और वेब सीरीज प्रेमी की जुबान पर है. लेकिन यह सफलता उन्हें रातों-रात नहीं मिली. लंबे संघर्ष के बाद 40 की उम्र में उन्हें पहचान मिली. ‘फुकरे’, ‘न्यूटन’, ‘स्त्री’ और वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ में उनके शानदार अभिनय ने उन्हें देश के सबसे पसंदीदा कलाकारों में शामिल कर दिया.

जयदीप अहलावत: ‘पाताल लोक’ ने बदल दी किस्मत-

जयदीप अहलावत ने फिल्म ‘कमांडो’ में विलेन का किरदार निभाया था, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिल पाई जिसके वे हकदार थे. साल 2020 में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘पाताल लोक’ ने उनकी किस्मत बदल दी. उस समय उनकी उम्र 41 साल थी और उनके अभिनय की हर तरफ तारीफ हुई.

गजराज राव: 47 साल की उम्र में मिली बड़ी सफलता-

गजराज राव लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय थे, लेकिन उन्हें असली पहचान फिल्म ‘बधाई हो’ से मिली. जब यह फिल्म रिलीज हुई, तब उनकी उम्र 47 साल थी. उनके शानदार अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया और इसके बाद उन्हें लगातार बेहतरीन फिल्मों और वेब सीरीज में काम मिलने लगा.

नीना गुप्ता: 30 साल के संघर्ष के बाद मिली सफलता-

नीना गुप्ता ने अपने करियर में कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम किया, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिली जिसकी वह हकदार थीं. उन्होंने कई बार परिस्थितियों से समझौता किया, लेकिन कभी हार नहीं मानी. साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘बधाई हो’ ने उनकी जिंदगी बदल दी. इस फिल्म ने उन्हें नई पहचान, दर्शकों का प्यार और कई बड़े पुरस्कार दिलाए. उनकी कहानी बताती है कि अगर आत्मविश्वास बना रहे, तो सफलता देर से ही सही, लेकिन जरूर मिलती है.

सफलता उम्र नहीं, हौसला देखती है-

बोमन ईरानी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, किरण खेर, पंकज त्रिपाठी, जयदीप अहलावत, गजराज राव और नीना गुप्ता जैसे कलाकार इस बात का जीता-जागता उदाहरण हैं कि सफलता की कोई उम्र नहीं होती. अगर आपके अंदर मेहनत करने का जज्बा है, तो देर से मिलने वाली सफलता भी उतनी ही शानदार होती है.

याद रखिए, कामयाबी की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती. अपने सपनों पर भरोसा रखिए, मेहनत करते रहिए और एक दिन सफलता जरूर आपके कदम चूमेगी.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...