Festive Special: यदि आप भी डर रहे हैं कि कहीं त्योहार मनाने के चक्कर में आप के डाइट प्लान की धज्जियां न उड़ जाएं, तो चिंता की कोई बात नहीं है. कुछ लोग फिटनैस की चिंता में इस दिन को सही से ऐंजौय नहीं करते हैं और मनमसोस कर बैठे रहते हैं. यह अच्छी बात नहीं है क्योंकि त्योहार का आनंद परिवार के साथ खानेपीने और मौजमस्ती करने में ही है. इसलिए आने वाले त्योहारों में आप नाचगाने और बहुत सारी मस्ती के साथ खूब जम कर खाइए और त्योहार का लुत्फ उठाइए.
फिटनैस का ध्यान त्योहारों के बाद रख लेंगे. हां, इतना कर सकते हैं कि खूब खाने के साथसाथ खाना अच्छे से हजम हो इस का ध्यान रखा जा सकता है ताकि आप खा भी लें और पेट भी गड़बड़ न हो.
खानेपीने की सारी बंदिशें तोड़ कर तो देखो
खानेपीने पर तो हमारे जिम इंस्ट्रक्टर ने पूरे साल पाबंदी लगा ही रखी है, तो क्यों न साल में एक बार त्योहार आने पर इन बंदिशों की सारी दीवारें हम तोड़ दें. जो मन कहे वह करें. जो मन करे वह खाएं. बिना यह सोचे कि कल फिर कितनी ऐक्सरसाइज करनी पड़ेगी. इतना भी क्या सोचना, यही तो मौका है अपनी जिंदगी खुल कर जीने का.
