Vaginal Health: वजाइना महिलाओं के शरीर का एक बेहद संवेदनशील और अहम हिस्सा है, जिसकी सेहत पर पूरा प्रजनन तंत्र निर्भर करता है. सीके बिरला अस्पताल, गुरुग्राम, में औब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलाजी स्पेशलिस्ट, डाक्टर अरुणा कालरा के मुताबिक, अगर आपकी वजाइना से असामान्य डिस्चार्ज हो रहा है, जलन हो रही है या बारबार इंफेक्शन होता है, तो ये सामान्य नहीं हो सकता.
वजाइनल डिस्चार्ज, बदबू, खुजली, सूजन और दर्द जैसे लक्षण छोटी समस्याओं से ले कर बड़ी बीमारियों जैसे पीसीओडी, यौन संक्रमण या यहां तक कि सर्वाइकल कैंसर की ओर इशारा कर सकते हैं. लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है, समय रहते अगर इन संकेतों को समझ लिया जाए, तो आप अपनी वजाइना की हेल्थ को बनाए रख सकती हैं और किसी भी बड़ी परेशानी से बच सकती हैं.
सामान्य और असामान्य वजाइनल डिस्चार्ज में फर्क जानें
हर महिला को वजाइनल डिस्चार्ज होता है, जो शरीर को साफ रखने का एक प्राकृतिक तरीका है. लेकिन जब ये डिस्चार्ज पीला, हरा या दुर्गंध वाला हो, तो ये चिंता की बात हो सकती है.
जलन, खुजली या पेन के साथ डिस्चार्ज होना संक्रमण, यीस्ट इन्फेक्शन या यौन संचारित रोग (STI) का संकेत हो सकता है. अगर ये लक्षण लगातार बने रहें, तो बिना देरी डाक्टर से सलाह लें.
