Marriage: मध्य प्रदेश की सोनम रघुवंशी का मामला इन दिनों सुर्खियों में है. सोनम पर आरोप है कि उस ने अपने प्रेमी के साथ मिल कर अपने पति की हत्या करा दी. कुछ दिन पहले मेरठ की मुसकान का मामला भी सुर्खियों में था. मुसकान ने अपने प्रेमी के साथ मिल कर पति की हत्या कर दी. औरैया की प्रगति की दिलीप से शादी हुई और शादी के 14वें दिन ही प्रगति ने भाड़े के हत्यारों से अपने पति की हत्या करा दी. हैदराबाद के गुरुमूर्ति ने अपनी पत्नी माधवी को मार कर उस के टुकड़ेटुकड़े किए और फिर उन टुकड़ों को कुकर में उबाल दिया.
अमरोहा की रहने वाली शबनम ने अपने प्रेमी सलीम के साथ मिल कर 14-15 अप्रैल, 2008 की रात को अपने ही परिवार के 7 लोगों को नशीला पदार्थ दे कर उन का गला काट दिया. सलीम और शबनम के बीच शारीरिक संबंध थे जिस से शबनम कुंआरी ही प्रैगनैंट हो गई थी. सहारनपुर के योगेश रोहिला को अपनी पत्नी नेहा पर शक था. उस ने पत्नी को गोली मार दी और साथ ही अपने 3 बच्चों को भी गोली मार कर उन्हें छत से नीचे फेंक दिया. सवाल यह है कि इस तरह की घटनाएं क्यों बढ़ रही हैं?
समाज है दोषी
ऐसी तमाम घटनाओं के पीछे कई सामाजिक कारण भी छिपे होते हैं जिन पर बात नहीं होती. स्त्रीपुरुष के बीच प्रेम संबंध होना स्वाभाविक होता है. यह प्रेम संबंध शादी से पहले भी हो सकता हैं और शादी के बाद भी लेकिन समाज तो शादी से पहले के ही संबंधों को स्वीकार नहीं करता. शादी के बाद होने वाले संबंधों को तो हमारा समाज पाप या गुनाह के तौर पर देखता है. समाज की यह मानसिकता धर्म से निकलती है और यहीं से समस्याएं शुरू होती हैं. पुरोहित वर्ग कभी नहीं चाहता कि औरतें उस के हाथों से निकल जाएं इसलिए वह इस तरह के प्रेम संबंधों में शामिल औरतों को कुलटा, बदचलन या रंडी शब्द से नवाजता है.
किसी औरत को अपने पति के अलावा किसी और से प्रेम हो जाए यह बात समाज हजम नहीं कर पाता. यहां समाज के अंदर बैठा पुरुषवाद हावी हो जाता है. योगेश ने अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या इसी वजह से की क्योंकि वह अपनी पत्नी के ऐक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को बरदाश्त नहीं कर पाया. सवाल यह है कि पुरुषों में योगेश जैसी मानसिकता के होते हुए क्या कोई महिला हिम्मत कर सकती है कि वह अपनी जिंदगी को स्वयं तय कर सके? अगर किसी शादीशुदा औरत को किसी और मर्द से प्यार हो जाए तो उस के पास क्या विकल्प बचता है? यही न कि वह अपने पति से तलाक ले ले लेकिन अगर पति तलाक न देना चाहे तब वह क्या करे? इस तरह की परिस्थितियों में समाज का रवैया कभी भी औरतों के पक्ष में नहीं होता क्योंकि समाज औरतों को इस लायक सम झता ही नहीं कि वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीएं.
कई ऐसे मामले भी हैं जिन में पति का किसी और महिला से अफेयर होने के बाद उस ने अपनी पत्नी को ठिकाने लगा दिया. यहां भी पुरुषवादी सोच ही जिम्मेदार है. क्या मर्द अपनी पहली पत्नी को तलाक दे कर दूसरी से शादी नहीं कर सकता था? लेकिन ऐसा करने पर उस की पहली पत्नी दूसरी शादी कर लेती या अपने पति की बेवफाई का बदला लेने के लिए कहीं और अफेयर चलाती यह मर्द बरदाश्त नहीं कर सकता इसलिए वह अपनी पहली बीवी की हत्या कर देता है.
‘2012 मूवी’ की शुरुआत में एक सीन है जिस में फिल्म का हीरो अपने दोनों बच्चों को लेने अपनी पत्नी के घर जाता है जो अपने बौयफ्रैंड के साथ लिव इन में रहती है. एक सीन में हीरो और उस के बीवी बच्चों के साथ उस की बीवी का बौयफ्रैंड भी हवाईजहाज में साथ होता है. फिल्म का यह दृश्य अमेरिकन समाज की हकीकत है. वहां औरतों को इतनी आजादी है कि वे अपने रास्ते खुद तय कर सके.
क्या भारत में ऐसी कल्पना भी की जा सकती है
सभ्य समाज में इंसान के हाथों इंसान का कत्ल कभी भी माफी के काबिल नहीं. ऐसे हर अपराध में अपराधी को सजा जरूर मिलनी चाहिए. मुसकान हो शबनम हो या प्रगति ये सब समाज के अपराधी हैं. इन्हें कठोर सजा जरूर मिलनी चाहिए लेकिन इन के अपराधी बनने में सिर्फ और सिर्फ यही जिम्मेदार नहीं हैं, हमारा समाज और हमारी सामाजिकता की संकीर्णताओं से उपजी वृहद विकृतियों में ऐसी उर्वरकता हमेशा मौजूद होती है जहां से थोक के भाव में ऐसे अपराधी जन्म लेते हैं.
जब कुदरत किसी लड़की को प्रेम के लिए तैयार कर देती है तब समाज उस की इच्छाओं के आगे कई दीवारें खड़ी कर देता है. यहीं से शबनम, प्रगति और मुसकान जैसी चुड़ैलों का उदय होता है. शादी से पहले सैक्स तो दूर की बात है लड़की के लिए तो खुल कर हंसना भी वर्जित है. वह क्या करे जब उसे प्रेम हो जाए? वह क्या करे जब वह कुंआरी प्रैगनैंट हो जाए? वह क्या करे जब उसे अपने पति से प्रेम न हो? वह क्या करे जब उसे शादी के बाद किसी और से प्यार हो जाए? समाज में इस तरह की बातों को स्वीकार करने की कोई गुंजाइश नहीं. कोई खिड़की, कोई दरवाजा भी तो नहीं जहां से इसे हजम करने की कोई गुंजाइश बाकी हो?
2 प्यार करने वालों को खुदकुशी पर मजबूर करने वाला समाज या प्रेमी जोड़ों की थोक के भाव में हत्याएं करने वाला समाज कभी शबनम, मुसकान और प्रगति के सच को नहीं सम झ पाएगा.
शादी की जरूरत ही क्यों
प्रकृति में नर और मादा के मिलन से नया जीवन पैदा होता है. इस में कहीं किसी धर्म की जरूरत नहीं. जन्म की तरह मृत्यु भी एक प्राकृतिक घटना है इस में भी किसी धर्म की जरूरत नहीं. नर और मादा मिल कर नया जीवन पैदा करें यह भी प्राकृतिक है. पशुपक्षी भी जोड़ी बनाते हैं, सहवास करते हैं और अपनी नस्ल आगे बढ़ाते हैं. इंसान एक सामाजिक पशु ही है इसलिए उसे भी सहवास के लिए विपरीत लिंग की जरूरत पड़ती है. सामाजिक प्राणी होने के नाते जोड़ी बनाने के लिए सामाजिक नियम तय किए गए ताकि सामाजिक व्यवस्था में असंतुलन पैदा न हो इसलिए कबीलाई दौर में वयस्क होने पर लड़का और लड़की को साथ रहने की अनुमति समाज से लेनी पड़ती थी. यहीं से विवाह, शादी या निकाह की परंपरा शुरू हुई. आज भी कई आदिवासी जनजातियों में जहां कोई धर्म
नहीं पहुंचा वहां उन के अपने कस्टम फौलो किए जाते हैं जिन में किसी पुरोहित की जरूरत नहीं होती और ये परंपराएं हजारों वर्षों से यों ही चली आ रही हैं.
स्त्री को पुरुष की और पुरुष को स्त्री की जरूरत है. इसी जरूरत को पूरा करने की खातिर कबीलाई युग मे शादियों का प्रचलन शुरू हुआ. उस से पहले नर और मादा स्वछंद हो कर जोडि़यां बनाते थे और तब तक साथ रहते थे जब तक दोनों को एकदूजे की जरूरत होते थे. मातृसत्तात्मक समाज में औरत के लिए बंदिशें नहीं थीं लेकिन जैसेजैसे हम कबीलों से सभ्यताओं की ओर आगे बढ़ते गए पितृसत्तात्मक समाज बनता गया और इस मर्दवादी समाज में औरतों के दायरे सिमटते चले गए. धीरेधीरे सभ्यताओं के विस्तार का यह दौर सत्ता ताकत और वर्चस्व की होड़ में बदल गया.
ताकत, सत्ता या वर्चस्व की लड़ाई में मरनेमारने वाले लोगों में औरतें नहीं होती थीं. वे घर में रह कर पति के लौटने का इंतजार करतीं. यदि पति मर जाए तो उस के नाम पर पूरी जिंदगी गुजार देतीं और जिंदगीभर ससुराल में रह कर पति के परिवार की गुलामी करतीं. कभी शिकायत न करतीं. जीवनभर की इस गुलामी के एवज में उन्हें ‘आदर्श नारी’ का खिताब मिलता था. जो औरत जितनी शिद्दत और वफादारी के साथ अपनी गुलामी को निभाती वह उतनी ही अच्छी मानी जाती थी.
सहना औरत का गहना हो गया. उस का अस्तित्व पति, पिता, भाई और बेटे के बिना कुछ नहीं था. इस तरह धीरेधीरे आधी आबादी गुलाम हो कर रह गई. आदर्श नारी के इस कौंसैप्ट में बदचलनी के लिए कोई जगह नहीं थी. किसी भी मामले में नारी की मरजी का तो सवाल ही नहीं था. शादी से पहले उस के जीवन की डोर उस के पिता या भाई के हाथों में थी तो शादी के बाद उस का पति ही उस का मालिक था.
ऐसे दौर में लड़कियां खरीदी जाती थीं, बेची जाती थीं, जीती जाती थीं या चुरा ली जाती थीं. सब ताकत का खेल था. जो जितना धनी था उस के पास उसी अनुपात में औरतें होती थीं. संवेदनाओं और मानवता के धरातल पर औरतों की कीमत लगातार घटती चली गई.
गरीब हो या मिडल क्लास, विवाह सभी के लिए खुशी कम और मुसीबत ज्यादा है. सक्षम वर्ग या एलीट क्लास के लिए परंपराएं कभी बेडि़यां नहीं बनतीं. 90त्न आबादी परंपराओं के बो झ तले दब कर कराह रही होती है. ऊपर की 10त्न आबादी उन्हीं अकीदों को ऐंजौय करती है. शादियों के मामले में भी यही होता है.
क्या ‘विवाह व्यवस्था’ खत्म होने से मनुष्य जानवर हो जाएगा?
कुछ लोग यह कुतर्क कर सकते हैं कि शादी के बिना तो हम जानवर जैसे हो जाएंगे? शादियों पर होने वाले खर्च के मामले में भारत सब से आगे है और शादियों के बाद दहेज उत्पीड़न, घरेलू कलह या घरेलू हिंसा के मामलों में भी हमारा देश दुनिया में सब से आगे है.
शादी की व्यवस्था कई सामाजिक बुराइयों को जन्म देती है, साथ ही यह व्यवस्था महिला विरोधी भी होती है. औरतों का सब से ज्यादा उत्पीड़न शादियों के नाम पर ही होता है. गरीब तबके की ज्यादातर शादियों में लड़की मैच्योर नहीं होती. जब तक उसे दुनियादारी की सम झ होती है तब तक बहुत देर हो चुकी होती है. ऐसे में उस के पास रिश्ते को झेलने के अलावा कोई और दूसरा विकल्प बचता ही नहीं.
शादी खत्म तो तलाक का झंझट भी खत्म और दोनों के खत्म होते ही शादियों के नाम पर होने वाली सामाजिक हरामखोरी भी खत्म हो जाएगी. जब तक दिल मिले साथ रहें जब रिश्ता बोझ बन जाए तो अलग हो जाएं. इस में गलत क्या है?
हमारा समाज नर और मादा की नैचुरल नीड को जन्मजन्मांतर का रिश्ता बताने का ढोंग करता है और एक औरत को एक मर्द के साथ संस्कारों की मजबूत जंजीरों से बांध कर आशीर्वाद के रूप में दोनों को ताउम्र साथ रहने की जिद थमा देता है और इस गठबंधन पर ईश्वरीय मुहर लगा कर इसे विवाह का नाम दे देता है. इस अमानवीय और अप्राकृतिक प्रायोजन में नारी की संवेदनाओं के लिए कोई जगह नहीं होती. भारतीय उपमहाद्वीप में विवाहपद्धति चाहे जो हो शादी का मतलब बस यही होता है.
ठंडे दिमाग से इस सवाल पर विचार कीजिए कि 2 जवां इंसानों को साथ रहने के लिए शादी की जरूरत ही क्यों? Marriage
