Teachers Day: शिक्षक हमारी जिंदगी को आकार देते हैं, पीढ़ियों को प्रेरित करते हैं और ऐसे सबक छोड़ जाते हैं, जो हमारी स्कूली कक्षा की दीवारों से आगे हमें ले जाते हैं. हालांकि बौलीवुड ने यादगार शिक्षकों को पर्दे पर उतारकर अक्सर इस जज्बे का जश्न मनाया है, जिन में कोई सख़्त तो कोई कोमल थे, लेकिन सभी प्रेरणादायक थे. फिलहाल शिक्षक दिवस के अवसर पर, आइए नजर डालते हैं कुछ बेहतरीन प्रस्तुतियों पर जहां अभिनेताओं ने शिक्षक की शक्ति को जीवंत कर दिया.

 विद्या बालन – शकुंतला देवी

विद्या बालन ने शकुंतला देवी (2020) में न सिर्फ़ गणित की जीनियस के रूप में बल्कि एक ऐसी शिक्षिका के रूप में भी चमक बिखेरी, जो सबसे कठिन कान्सेप्ट्स को भी सरल और रोचक बना देती हैं. उन के किरदार ने सीखने की खुशी और शिक्षकविद्यार्थी के रिश्ते को खूबसूरती से पेश किया.

अमिताभ बच्चन – ब्लैक

संजय लीला भंसाली की ब्लैक में अमिताभ बच्चन ने देबराज सहाय का किरदार निभाया, जो एक बधिर और अंधी लड़की (रानी मुखर्जी) के मेंटर बने. यह प्रदर्शन आइकौनिक माना जाता है. कठोर अनुशासन और गहरी संवेदनशीलता का मिश्रण, जिस ने साबित किया कि मार्गदर्शन हर मुश्किल को पार कर सकता है.

शाहरुख खान – मोहब्बतें

मोहब्बतें में शाहरुख कान का किरदार राज आर्यन मल्होत्रा हिंदी सिनेमा के सबसे प्यारे शिक्षक किरदारों में से एक बन गया. एक संगीत शिक्षक के रूप में, जिसने प्यार और आत्मअभिव्यक्ति के सबक दे कर सख्त सत्ता को चुनौती दी, SRK ने “गुरु” की छवि को भावनात्मक और कूल दोनों बना दिया.

आमिर खान – तारे जमीन पर

तारे जमीन पर में आमिर खान ने राम शंकर निकुंभ का किरदार निभाया, जो हर बच्चे का सपनों का शिक्षक है. संवेदनशील, मजेदार और अपनी पद्धति में क्रांतिकारी. उन्होंने सिर्फ कला ही नहीं सिखाई, बल्कि यह भी बताया कि हर बच्चे के मन को समझना और उसकी विशेषता को पोषित करना कितना जरूरी है.

रानी मुखर्जी – हिचकी

हिचकी में रानी मुखर्जी ने नैना माथुर का किरदार निभाया, जो टौरेट सिंड्रोम से जूझते हुए भी न अपने छात्रों को छोड़ा और न खुद को. उन का अभिनय प्रेरणादायक और भावुक दोनों था, जिस ने दिखाया कि दृढ़ता से हर बाधा को तोड़ा जा सकता है.

सुष्मिता सेन – मैं हूं ना

मैं हूं ना में रसायनशास्त्र की प्रोफेसर चांदनी के रूप में सुष्मिता सेन ने ऐसा जादू चलाया कि हर छात्र (और दर्शक!) क्लास अटेंड करने को बेताब हो गए. उन्होंने साबित किया कि शिक्षक स्टाइलिश और संवेदनशील दोनों हो सकते हैं.

नुसरत भरुचा – छलांग

छलांग (2020) में नुसरत भरुचा ने कम्प्यूटर टीचर नीलिमा का किरदार निभाया था, जो पीटी टीचर राजकुमार राव के जीवन और करियर में प्रेरणा का स्रोत बनती हैं, जिससे वह अपनी जिंदगी और करियर को गम्भीरता से लें. उन का किरदार यह दर्शाता है कि एक शिक्षक केवल सख्त ही नहीं, बल्कि दोस्ताना और प्रेरणादायी भी हो सकता है.

बोमन ईरानी – 3 इडियट्स

3 इडियट्स में बोमन ईरानी ने सख़्त और अजीबोगरीब प्रोफेसर वीरु सहस्त्रबुद्धी (वायरस) का किरदार निभाया. उन का यह अभिनय उस परंपरागत सत्तात्मक शिक्षक का प्रतीक था जिसे हम में से कई ने अपनी जिंदगी में देखा है और इसीलिए वे बौलीवुड के सब से यादगार औनस्क्रीन प्रोफेसर्स में से एक बन गए.

Teachers Day

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...